पवई- चंद्रभान शर्मा कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय द्वारा आयोजित वार्षिक राज्यस्तरीय अंतरमहाविद्यालयीन सांस्कृतिक महोत्सव ‘ख्वाहिश 2025’ का आयोजन 19 एवं 20 दिसंबर 2025 को उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

दो दिवसीय इस महोत्सव में राज्यभर के 74 महाविद्यालयों से 1438 विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए विविध प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस वर्ष महोत्सव की संकल्पना “ऐसा देश है मेरा” रही, जिसके अंतर्गत भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता में एकता और कलात्मक परंपराओं को मंच प्रदान किया गया। महोत्सव के दौरान आयोजित 36 से अधिक प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में कला, साहित्य, खेल, मनोरंजन और सृजनात्मकता का सजीव समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम में परफॉर्मिंग आर्ट्स, लिटरेरी आर्ट्स, फाइन आर्ट्स, गेम्स एंड स्पोर्ट्स, इन्फॉर्मल्स, स्टार इवेंट्स एवं मीडिया इवेंट्स जैसे विभिन्न विभाग शामिल रहे। टीचर्स गॉट टैलेंट, फैशन शो, मिस्टर एंड मिस ख्वाहिश, वॉर ऑफ डीजे एवं डीजे नाइट को दर्शकों का विशेष प्रतिसाद प्राप्त हुआ। वहीं फोटोग्राफी, रील मेकिंग और शॉर्ट फिल्म मेकिंग जैसी मीडिया प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की रचनात्मकता सराहनीय रूप से सामने आई।

महोत्सव के उद्घाटन दिवस पर प्रबंध न्यासी श्री प्रशांत गोपाल शर्मा के साथ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वैशाली राजपूत, पद्मश्री सम्मानित डॉ. जसपिंदर नरूला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि अभिनेत्री प्रतीक्षा मिश्रा विशेष अतिथि थीं। दूसरे दिन प्रसिद्ध कलाकार शहजाद अली की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान करने वाला ‘ख्वाहिश 2025’ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और युवा ऊर्जा के उत्सव के रूप में स्मरणीय सिद्ध हुआ।